अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के आह्वान पर गांव जैनपुर जाटान में चल रहा जाट समुदाय का धरना रविवार को दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया। जाट नेताओं की ओर से सरकार को 13 जून तक अल्टीमेटम दिए जाने से पुलिस और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस ने कई जगहों पर नाकाबंदी की और खुफिया तंत्र ने डेरा डाल दिया।
जाट समाज ने अल्टीमेटम दिया है कि 13 जून तक सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो वह अपने धरने-प्रदर्शन को व्यापक कर देंगे। पहले से ही कड़ी निगरानी कर रहे प्रशासन ने इस अल्टीमेटम को गंभीरता से लिया है। इसके चलते प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक प्रबंध शुरू कर दिए गए हैं। संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुबे सिंह ढाका व राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप सिंह गोदारा के धरने में शामिल होने से धरनारत लोगों का हौसला बढ़ गया है। रविवार को लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रविवार को धरने पर बैठे जाट समुदाय के लोगों को रोड बिरादरी का भी साथ मिला।
कुरुक्षेत्र व कमोदा से रोड बिरादरी के नेता बलबीर सिंह कमोदा, बनारसी दास कुरुक्षेत्र, सुलतान सिंह रोड कुरुक्षेत्र व रणबीर रोड कुरुक्षेत्र ने धरनास्थल पर पहुंचकर जाट नेताओं से मुलाकात की और उनकी मांगों को न्यायोचित ठहराते हुए समर्थन किया। वहीं धरने पर बैठे जाट नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर जाट समुदाय शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठा हुआ है और इसको तभी समाप्त किया जाएगा, जब सरकार उनकी सभी मांगों को मान लेगी।
सरकार को दिए गए 13 जून तक के अल्टीमेटम पर जाट नेताओं ने कहा कि संघर्ष समिति के नेताओं के निर्देश आने के बाद ही कोई अन्य रणनीति बनाई जाएगी। रविवार को धरने में और दिन की अपेक्षा ज्यादा लोग पहुंचे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष लाभ सिंह घिसरपड़ी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बलदेव राठी, प्रदेश सचिव आशीष फौजदार, महेंद्र सिंह बडौंदी, जसबीर पंजेटा, मास्टर हरिचंद हैबतपुर, रामकुमार जैनपुर, राजीव, जगमाल, ईश्वर पंजेटा, जगतार सिंह गुहन, रणबीर सिंह, अजमेर सिंह फौजी, विजय नंबरदार, राकेश कुमार, जसबीर सिंह, रमेश हथीरा, बलकार सिंह, पवन बड़ौंदा, मनोज नांदल, रमेश गोबिंदगढ़, मंजीत सिंह, रामप्रसाद भूतमाजरा, कृष्ण लाल तथा ईश्वर जैनपुर आदि उपस्थित रहे।
पुलिस व खुफिया विभाग सतर्क
पुलिस रविवार को और भी सतर्क दिखाई दी। उच्चाधिकारियों ने तैनात पुलिस बल को पूरी चौकसी बरते जाने के निर्देश दिए तो वहीं धरनास्थल क्षेत्र व कई अन्य जगहों पर नाकेबंदी भी की। पुलिस से लेकर खुफिया तंत्र भी धरना दे रहे लोगों और दूसरे लोगों के क्रियाकलापों पर पूरी नजरें गड़ाए हुए हैं। पुलिस का खुफिया तंत्र धरनास्थल व आसपास के क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। जिला उपायुक्त आरएन कौशिक व पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह ने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि लोग यहां शांतिपूर्ण ही अपना धरना जारी रखेंगे। उन्होंने समाज के लोगों को पहले ही अवगत करवा दिया है कि कानून को तोड़ने व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।