कुरुक्षेत्र। जयराम कन्या महाविद्यालय लोहार माजरा को पर्यावरण संरक्षण के लिए ए ग्रेड मिला है। ग्रीन अर्थ संस्था की फील्ड असेसमेंट टीम के भ्रमण के बाद महाविद्यालय को ग्रेड ए सर्टिफिकेट के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री और क्लीन एंड ग्रीन इंस्टिट्यूट घोषित किया गया है।
महाविद्यालय ने ग्रीन अर्थ संस्था के सहयोग से महाविद्यालय को जीरो वेस्ट संस्थान बनाने के उद्देश्य से गीले व सूखे कचरे का प्रबंधन करने के लिए कंपोस्ट यूनिट और एमआरएफ यूनिट तैयार की गई है। पर्यावरण, स्वच्छ भारत मिशन एवं जल जीवन मिशन विषय पर कार्यशाला, व्याख्यान, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, भाषण आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से जन-जन में पर्यावरण के प्रति जन जागृति उत्पन्न करने का बीड़ा उठाया है। महाविद्यालय की छात्राएं विभिन्न रैलियों, नुक्कड़ नाटकों एवं समूह चर्चा के माध्यम से आसपास के गांवों में लोगों को पर्यावरण सुरक्षा के लिए जागृत करती हैं।
ग्रीन अर्थ संस्था डा. नरेश भारद्वाज ने बताया कि इस उपलब्धि को प्राप्त करने वाला प्रदेश का यह पहला संस्थान है। प्राचार्य डॉ. सुदेश रावल ने बताया कि महाविद्यालय पर्यावरण संरक्षण एवं रखरखाव के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित करता है। आसपास के ग्रामीणों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाता है और सुझाव भी लिए जाते हैं। महाविद्यालय में चार अगस्त 2018 से एक बेटी एक वृक्ष अभियान चला रखा है, जिसमें बेटी के जन्मदिन पर उसके हाथ से एक पौधा लगवाया जाता है। इस मौके पर डॉ. ईश्वर सिंह, एडवोकेट सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।