संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में सोमवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह का समापन समारोह हुआ। विज्ञान केंद्र में 22 फरवरी से राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह आयोजित किया जा रहा था। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि के रूप में एनआईटी कुरुक्षेत्र के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन विभाग के प्रोफेसर डॉ. ब्रह्मजीत सिंह ने शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को ‘रमन प्रभाव’ तथा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का महत्व बताया। बताया कि भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना का होना बहुत आवश्यक है तथा बिना जिज्ञासा के नई खोजे नहीं हो सकती। कहा कि छात्र ही कल का उज्ज्वल भविष्य हैं।
केंद्र के परियोजना समायोजक केएस नेहरू ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह के तहत विज्ञान के इतिहास, आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के मील के पत्थर, स्वदेशी पारंपरिक आविष्कार और नवाचार, भारत को बदलना और विज्ञान में लोगों की कहानियां, विज्ञान व्याख्यान, इंजीनियरिंग मेला, विज्ञान पुस्तक मेला, विज्ञान नाटक प्रतियोगिता, विज्ञान फिल्म शो और भाषण प्रतियोगिता जैसी प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रम में प्रदेशभर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
केंद्र के शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार दास ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान सप्ताह में तीन प्रतियोगिताएं तथा चार लोकप्रिय विज्ञान व्याख्यान आयोजित किए गए। 22 से 24 फरवरी तक इंजीनियरिंग मेला का आयोजन किया गया, जिसमें विज्डम वर्ल्ड स्कूल (कुरुक्षेत्र) के अनीस कुमार व भरत प्रथम,गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र के स्वास्तिक चौहान व रविंद्र बराड़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मथाना के हिमांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल, कैथल ने प्रथम, सुगनी देवी आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा ने द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अमीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विज्ञान भाषण प्रतियोगिता में गीता निकेतन आवासीय विद्यालय के अर्णव ने प्रथम, न्यू इंडिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पंचकूला की रितिका ने द्वितीय तथा सुगनी देवी आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाडवा की अनु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।