संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। अंबाला-हिसार हाईवे बाईपास पर धनीरामपुरा गांव के निकट अंडर पास या ओवर ब्रिज बनाने का मुद्दा गुरुवार को विधानसभा में गूंजा।
विधायक मनदीप चट्ठा ने सदन के सामने लंबे समय से चली आ रही इस मांग को उठाया, जिस पर पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने अपना स्पष्टीकरण दिया। हालांकि विधायक मनदीप चट्ठा पीडब्ल्यूडी मंत्री के जवाब से सहमत नहीं हुए।
बातचीत में मनदीप चट्ठा ने बताया कि स्पीड ब्रेकर बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। दर्जनों लोगों की इस कट पर जान जाने के बावजूद भी सरकार पंचायतों की मांगों को अनदेखा कर रही है। विधायक मनदीप ने कहा कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान धनीरामपुरा गांव और अरुणाय के ग्रामीणों को झेलना पड़ा। मरने वालों में ज्यादातर लोग इन्हीं गांवों के हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि यहां अंडरपास या ओवर ब्रिज का निर्माण सरकार करवाए।
विधायक मनदीप चट्ठा के सवाल पर जवाब देते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया विभाग से बातचीत करके समस्या का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास करेगी। तब तक अगले तीन दिनों में यहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे ताकि वाहनों की रफ्तार कम हो सके।