लाडवा। ऑस्ट्रेलिया में परिवार सहित रह रहे बेटे से मिलना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। चोरों ने घर में सेंध लगाते हुए हजारों रुपये, आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर को एक बार नहीं बल्कि दो बार निशाना बनाया।
पीड़ित व्यक्ति ने घर आकर समान चेक किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। वहीं शिकायत में जीतराम निवासी ध्यांगला ने बताया कि उसका बेटा गुरमीत ऑस्ट्रेलिया में परिवार सहित रहता है। वह भी लगभग चार महीना पहले पत्नी सहित बेटे को मिलने ऑस्ट्रेलिया गया था। 30 जनवरी 2024 को उसे घर पर चोरी की घटना की सूचना मिली। उस दौरान वह ऑस्ट्रेलिया से भारत वापस नहीं सका। चार मार्च 2024 को उसके घर में दोबारा चोरी हो गई। जब उसने ऑस्ट्रेलिया से भारत अपने घर आकर देखा तो उसकी पेटी व अलमारी में रखी तीन अंगूठी सोने, तीन जोड़ी चेन चांदी, हजारदाना चांदी, एक आईफोन मोबाइल, चार घड़ी, मंदिर गुल्लक तथा 25 हजार रुपये गायब मिले। उसने अपने तौर पर घटना की जानकारी जुटाने का प्रयास किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि कोई भी व्यक्ति लंबे समय तक घर से बाहर रहता है तो इसकी सूचना पुलिस को अवश्य दें।