कुरुक्षेत्र। नगरपरिषद द्वारा पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक हटाओ अभियान चलाया गया। शुक्रवार को नगर परिषद की टीम ने शहर के मुख्य बाजारों में दबिश दी। इस दौरान पांच किलोग्राम पॉलीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया है। इसके अलावा 19 दुकानदारों का चालान किया गया। रेहड़ी वालों को इसे प्रयोग न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
नगरपरिषद के सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला नगर आयुक्त सतिंद्र सिवाच व कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई है। दुकानदारों से कहा गया कि सरकार ने पूरे प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया हुआ है और सरकार के दिशा-निर्देश पर ही यह अभियान चलाया गया है।
उन्होंने बताया कि पांच किलोग्राम पॉलीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया है। इसके अलावा 19 चालान किए गए, जिनसे 3500 रुपए की रिकवरी की गई। रेहड़ी वालों को इसे प्रयोग न करने की सख्त चेतावनी दी गई। उन्होंने बताया की टीम द्वारा कंडा चौक, सेक्टर-13 की मार्केट, पुरानी सब्जी मंडी, सुभाष मंडी, रेलवे रोड, सर्किट हाउस व पुराने बस स्टैंड के सामने से पॉलीथिन को जब्त किया। इस मौके पर आईईसी एक्सपर्ट वीरेंद्र भारद्वाज, राजेश कुमार सहित सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।