केयू (कुरुक्षेत्र विश्विद्यालय) द्वारा घोषित किए जा रहे परिणामों में आ रही परेशानियों पर शुक्रवार को छात्र भड़क गए। इनसो के नेतृत्व में छात्रों ने प्रदर्शन किया। इनसो से जुड़े छात्रों ने फाइनल और पांचवें सेमेस्टर रिवेलुएशन के परिणामों को लेकर और अपने परीक्षा परिणाम की जानकारी हासिल करने के लिए ब्रांच में जाने के दौरान एंट्री गेट पास की व्यवस्था पर भी रोष जताया।
इनसो पदाधिकारियों के मुताबिक विद्यार्थियों को तेज गर्मी में पहले गेट पास बनवाना पड़ता है। इसके बाद जब वे ब्रांच में जाते हैं, तो उन्हें वांछित जानकारी नहीं दी जाती। परिणाम जल्द घोषित न होने की वजह से विद्यार्थी अन्य राज्यों में स्थित विश्वविद्यालयों में दाखिला नहीं ले पा रहे। छात्र नेताओं के अनुसार उनका परिणाम करीब 20 दिन पहल घोषित हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक नहीं किया गया है। इनसो केयूके अध्यक्ष विक्रम गुर्जर ने कहा कि विश्वविद्यालय के अधिकारी एसी रूम में बैठे रहते हैं और विद्यार्थी गर्मी में भटकते रहते हैं।
प्रदर्शन में अहम मुद्दा ब्रांच में पास प्रणाली को बंद करने, फाइनल समेस्टर के परिणाम जल्द घोषित करने और पांचवें समेस्टर के रिवेलुएशन के परिणाम को फाइनल समेस्टर से पहले घोषित करवाना था। आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन चौथे समेस्टर के गोपनीय परिणाम देने में भी विफल हो रहा है। कुछ मुद्दे दाखिला प्रवेश परीक्षा को लेकर भी उजागर हुए।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक विद्यार्थी को तीन से चार कोर्सों में आवेदन करने की सुविधा दे रखी है। इसके बाद भी 5-6 विभागों की प्रवेश परीक्षा एक ही समय पर रखी गई है। इससे विद्यार्थी असमंजस में हैं। इस अवसर पर कपिल राणा, हैप्पी खंगूरा, जयवीर शर्मा, अमन बाखली, साहिल मेहला, सुनील ढांड, सुरेंद्र कौर, जसलीन चीमा, रोहन, अनिल पानीपत, दीपक कुमार, नीरजा, प्रीति, जसप्रीत, रितू, विकास मलिक, देवेंद्र श्योकंद, अंकित कुंडू, भुप्पी आदि मौजूद थे।