कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की सेफ सिटी टीमों की ओर से जिले में महिला सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। महिला पुलिस की टीमें महिलाओं और बच्चों को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं।
1 सितंबर को सेफ सिटी की टीम ने नए बस स्टैंड पर महिलाओं को महिला विरुद्ध होने वाले अपराधों के बारे में जानकारी दी। टीम ने महिलाओं को बताया कि पुलिस हमेशा आपके साथ है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग की ओर से दुर्गा-शक्ति एप लॉन्च किया गया है। एप का लाल बटन दबाने से आपको पुलिस मदद मिलेगी इसलिए आप खुद को एप पर रजिस्टर कर लें। महिला विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना किसी भी थाना के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है।