कुरुक्षेत्र। शिविर में हिस्सा लेते सदस्य। स्वयं
कुरुक्षेत्र। भगवान परशुराम कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों की ओर से मंगलवार से 2 फरवरी तक सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन प्राचार्य शीश पाल ने किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को एनएसएस के उद्देश्यों, लक्ष्यों और समाज के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ समाज सेवा को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
यह शिविर प्रो. ऑफिसर वासवदत्ता और डॉ. सुषमा वशिष्ठ के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। शिविर की मुख्य थीम यूथ फॉर माय भारत और डिजिटल लिटरेसी रखी गई है जिसके अंतर्गत स्वयंसेवकों को समाज सेवा, डिजिटल जागरूकता और व्यक्तिगत विकास से जुड़ी अनेक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। शिविर के दौरान गांव आलमपुर में स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिलेगा।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को रोड सेफ्टी, साइबर सिक्योरिटी, मानवीय मूल्यों की जानकारी, फर्स्ट एड ट्रेनिंग और सीपीआर (हृदय पुनर्जीवन प्रक्रिया) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार और जीवन रक्षा तकनीकों के प्रयोग की भी जानकारी दी जा रही है। आगामी दिनों में शिविर के अंतर्गत सामाजिक जागरूकता अभियान, डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण, समूह चर्चाएं, स्वच्छता अभियान और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।