लाडवा। गांव बहलोलपुर एवं बडौंदा में कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एग्रीस्टैक आवेदन को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य किसानों की एग्रीस्टैक आईडी बनाना रहा, जिससे उनकी कृषि भूमि एवं किसान प्रोफाइल से जुड़ी जानकारी की एक यूनिक डिजिटल आईडी तैयार की जा सके।
खंड कृषि अधिकारी अमित कंबोज ने किसानों को एग्रीस्टैक योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक के माध्यम से किसानों की जमीन का रिकॉर्ड, फसल विवरण, किसान प्रोफाइल एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे किसानों को योजनाओं का लाभ तेजी, पारदर्शिता एवं बिना किसी बिचौलिए के मिल सकेगा। वहीं कृषि विकास अधिकारी लाडवा विपुल कंबोज द्वारा किसानों की आईडी बनाए जाने की प्रक्रिया में राजस्व विभाग का समन्वय एवं सहयोग किया गया, ताकि भूमि रिकॉर्ड से संबंधित विवरण सही तरीके से लिंक किए जा सकें। शिविर में एसडीएम अनुभव मेहता ने विशेष रूप से उपस्थित होकर किसानों से शीघ्रातिशीघ्र एग्रीस्टैक आईडी बनवाने की अपील की।