कुरुक्षेत्र। विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से तीन दिवसीय साहित्यिक चित्रकला कार्यशाला का आयोजन 20 से 22 दिसंबर को होगा। लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. दीपक राय बब्बर ने बताया कि इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा बतौर मुख्य तिथि कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्घाटन विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में प्रात: 11 बजे होगा।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि इस तीन दिवसीय कार्यशाला में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की शिक्षण विभाग सहित कुवि से संबंधित महाविद्यालयों के 200 से ज्यादा विद्यार्थी भाग लेंगे। इस कार्यशाला में भाषण, डिबेट, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग, कोलाज, रंगोली, कार्टून सहित वेस्टेज सामग्री द्वारा उपयोगी वस्तुओं को बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध रेडियो आर्टिस्ट एवं मोटिवेटर जैनेंद्र सिंह व कार्टूनिस्ट संदीप जोशी कार्यशाला में शिरकत करेंगे तथा प्रतिभागियों को विशिष्ट क्षेत्र का ज्ञान देंगे। डॉ. पूनिया ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल विकसित करना है। इसके साथ छात्रों को उत्तर भारत में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार किया जाएगा।