शाहाबाद। खानेवाल खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश की ओर से उनकी धर्मपत्नी शालिनी प्रकाश नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन किया। ये जानकारी जिला सचिव पंकज पांडे ने दी।
इस अवसर पर रोटरी गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होेंने विद्यार्थियों को पठन-पाठन के महत्व बताया । उन्होंने कहा कि बचपन में लाइब्रेरी से ही उन्हें पुस्तक पढ़ने की प्रेरणा मिली, जिसने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता मिला और वे आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश ले सके।
रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन एसएस आहूजा ने कहा कि पुस्तकें हमारे जीवन की सच्ची मार्गदर्शक होती हैं और विद्यार्थियों को प्रतिदिन लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए। प्रोजेक्ट चेयरमैन व प्रबंधक कमेटी के सचिव प्रितपाल सिंह ढिल्लों ने रोटरी क्लब की ओर से शिक्षा क्षेत्र में निरंतर योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई। क्लब अध्यक्ष डॉ. आरएस घुम्मन ने बताया कि क्लब द्वारा विद्यालय को 3729 पुस्तकें और छह रैक प्रदान किए गए हैं। इन पुस्तकों में शैक्षणिक विषयों, सामान्य ज्ञान और साहित्य से संबंधित सामग्री शामिल है, जो विद्यार्थियों में अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देगी।