कुरुक्षेत्र। ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अगस्त-2025 में कुल 21477 चालान किए गए और इसके तहत चार करोड़ 82 लाख 51 हजार 300 रुपये का जुर्माना भी किया गया। इतना ही नहीं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर 20 स्कूल बसों के भी चालान किए गए हैं।
एसडीएम शाश्वत सांगवान ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने के लिए कुरुक्षेत्र जिले को विभिन्न जोन में विभाजित किया गया जिसमें ईस्ट, वेस्ट और हाईवे शामिल है। इन जोनों में यातायात पुलिस की पीसीआर, राइडर व अन्य यातायात पुलिस दिन-रात कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने कुल 21477 चालान किए हैं और इन वाहन चालकों पर चार करोड़ 82 लाख 51 हजार 300 रुपए का जुर्माना किया है। इन चालान में हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य तरह के चालान शामिल है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस ने ओवर स्पीड के 10739 चालान, बिना हेलमेट के 1325 चालान, बिना सीट बेल्ट के 73 चालान, गाड़ी चलाते हुए मोबाइल का प्रयोग करने पर 30 चालान, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 450 चालान, लैन चेंज के 1346 चालान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार ट्रिपल राइडिंग 1462 चालान, गलत साइड ड्राइविंग के 119 चालान, गलत स्थान पर पार्किंग के 366 चालान, नियमों की पालना ना करने पर स्कूल बसों के 20 चालान, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट ना होने पर 3980 चालान, रेड एवं ब्ल्यू लाइट के 11 चालान व अन्य 1449 चालान किए गए है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि गाड़ी चलाते और पार्किंग करते समय नियमों की पालना करे ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। अगर कोई व्यक्ति ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करेगा तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।