कुरुक्षेत्र। अवैध कॉलोनी को नष्ट करते हुए। स्वयं
शाहाबाद। राजस्व संपदा के छपरा गांव में जिला नगर योजनाकार की टीम ने 7.5 एकड़ में पनप रही अवैध कॉलोनी को नष्ट किया। जिला नगर योजनाकार अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि गांव छपरा में लगभग 7.5 एकड़ में पनप रही अवैध काॅलोनी को उपायुक्त के आदेशानुसार प्रशासन के सहयोग से तोड़फोड़ की गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ अवैध कॉलोनी में बनी चारदीवारी सहित अवैध निर्माण को पीले पंजे से हटाया गया। विभाग के पास राजस्व संपदा के गांव छपरा में लगभग 7.5 एकड़ में अवैध काॅलोनी के पनपने का मामला सामने आया था। इसके बाद विभाग की ओर से भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों को एचडीआर एक्ट 1975 की धाराओं के तहत नोटिस जारी कर अनुमति लेने के आदेश दिए गए थे। परंतु भूस्वामी और प्रॉपर्टी डीलरों ने न तो अवैध काॅलोनियों में किए जा रहे निर्माण को रोका और न ही विभाग से अनुमति प्राप्त की। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग की ओर से इन अवैध काॅलोनियों में निर्माण को नष्ट करने का काम किया गया है।