संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। इग्नू की परीक्षाएं सात जून से शुरू होने जा रही है जो 13 जुलाई तक चलेंगी। इग्नू द्वारा पात्र विद्यार्थियों को हॉल टिकट जारी किए जा चुके हैं। हॉल टिकट वेबसाइट ignou.ac.in पर अपलोड किए गए हैं। जिन विद्यार्थियों ने समय रहते परीक्षा फार्म ऑनलाइन नहीं भरा है ऐसे विद्यार्थी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल पर ऑफलाइन माध्यम से अपना परीक्षा फार्म जमा कर सकते है इसके लिए विद्यार्थी को 1100 रुपये लेट फीस साथ में 200 रुपए पर कोर्स के हिसाब से डीडी बनाकर इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल पर जमा कर सकते है।
क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी डॉ. धर्म पाल ने बताया कि हरियाणा के भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर जिलों में इग्नू द्वारा कुल 38 परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए है, जिनमें से नौ परीक्षा केंद्र हरियाणा की विभिन्न जेलों में स्थापित किए गए है। जून में होने वाली परीक्षाओं में जिला करनाल के अंतर्गत कुल पांच परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें से एक परीक्षा केंद्र करनाल जेल में है इसके अलावा गुरु नानक खालसा कॉलेज, बुद्धा कॉलेज, विनायक पॉलिटेक्निक कॉलेज और जेके इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करवाने के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। इसके लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल की तरफ से जल्द ही सभी परीक्षा नियंत्रकों के लिए एक ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें परीक्षाओं से जुड़ी विभिन्न जानकारियां मुहैया करवाई जाएगी।