कुरुक्षेत्र। जिले में सूने घरों में चोरी और सेंधमारी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय के लिए घर छोड़कर बाहर जाने से पहले स्थानीय पुलिस को सूचित करें। इस कदम से घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि जून के महीने में लोग अक्सर छुट्टियां मनाने के लिए परिवार के साथ बाहर जाते हैं। इस दौरान अपराधी खाली घरों को निशाना बनाकर कीमती सामान चुरा लेते हैं। उन्होंने सलाह दी कि लंबी अवधि के लिए घर छोड़ने वाले लोग नजदीकी पुलिस चौकी या थाने में इसकी सूचना दें, ताकि उनके घरों के आसपास गश्त बढ़ाई जा सके। इससे चोरी और अन्य नुकसान को रोका जा सकता है। एसपी ने कहा कि मकान किराए पर देने से पहले पुलिस को सूचित करें, ताकि किराएदार की पृष्ठभूमि की जांच की जा सके। इसके अलावा, अगर आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न स्थानों पर औचक नाकाबंदी शुरू की है, जिसमें संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही होटल, धर्मशाला और साइबर कैफे संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां रुकने वाले व्यक्तियों का पूरा नाम-पता और पहचान पत्र रिकॉर्ड करें ताकि उनकी पृष्ठभूमि की जांच हो सके।