कुरुक्षेत्र। शहर के हर रोज निकलने वाले 100 टन कचरे का अब एक जगह पहाड़ नहीं दिखाई देगा बल्कि यह वार्ड अनुसार ही एकत्रित किया जाएगा। जिस वार्ड का कचरा होगा, उसी में एकत्रित किया जाएगा। यहां से सीधे करनाल डंपरों के जरिये भेजा जाएगा। हालांकि यह व्यवस्था तब तक रहेगी जब तक स्थायी डंपिंग साइट नहीं मिल पाती लेकिन इस पर भी पार्षदों ने कहा कि पहले वार्ड के लोगों से चर्चा की जाएगी फिर फैसला होगा।
जगह-जगह विरोध के बाद नगर प्रशासन के समक्ष कचरे को खपाने के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो चुकी है। तीन दिन से घर-घर से कचरा उठान नहीं हो पा रहा है। बुधवार को भी इस्सरगढ़ के लोग विरोध में उतरे रहे और धरना भी दिया। उन्होंने एलान किया कि किसी भी स्तर पर यहां कचरा नहीं डलने दिया जाएगा। वहीं उमरी व अन्य जगहों पर भी लोग विरोध जता चुके हैं। ऐसे में अब नगर परिषद ने पार्षदों के साथ मिलकर इस समस्या का कुछ समय के लिए तोड़ निकालने का निर्णय लिया। इसी के तहत ही बुधवार को नरग परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि मलकीत ढांडा, ईओ राजेश कुमार की अध्यक्षता में पार्षदों के साथ बैठक भी की गई। इसमें कुछ पार्षदों ने अपनी-अपनी राय रखी। वहीं कई ने कहा कि वे अपने वार्ड के लोगों से बात करने के बाद ही फैसला लेंगे। पार्षदों ने कहा कि कई वार्ड ऐसे भी हैं, जहां खाली जगह ही नहीं है। इस पर नगर परिषद अधिकारियों ने मिलकर जगह चिह्नित करने का भरोसा दिया।
नगर प्रशासन ने बुधवार को भी थीम पार्क व पुराना शहर थाना की जगह पर कचरा एकत्रित कराया। इसके कारण ही तीन दिन बाद अधिकतर टिपर भी खाली किए जा सके तो वे घर-घर भी पहुंचे। वार्ड 15 के पार्षद मोहन लाल अरोड़ा, वार्ड 20 के पार्षद मनिंदर छिंदा, वार्ड 8 के पार्षद सतीश गर्ग, वार्ड के 22 के पार्षद चेतन अटकान, वार्ड 16 की पार्षद गुरप्रीत कौर, वार्ड 32 के पार्षद सुधीर चुग, वार्ड 31 के पार्षद कवि बजाज, वार्ड 18 के पार्षद अनिरुद्ध कौशिक, वार्ड एक के पार्षद गौरव भट्ट, मार्केट कमेटी के चेयरमैन एवं वार्ड 14 के पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सैनी, वार्ड तीन के पार्षद प्रतिनिधि सौरभ, वार्ड छह के पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र जांगड़ा, वार्ड 26 के पार्षद प्रतिनिधि नारंग के अलावा नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मलकीत बोले- की जा रही अस्थायी व्यवस्था
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि मलकीत ढांडा ने कहा कि यह अस्थायी व्यवस्था की जा रही है, ताकि घर-घर से कचरा उठान हो सके। जहां भी कचरा एकत्रित किया जाएगा, वहां से कुछ घंटे बाद ही उठाकर करनाल भेज दिया जाएगा। वहीं ईओ राजेश कुमार ने कहा कि जल्द ही स्थायी डंपिंग साइट की जगह भी चिह्नित कर ली जाएगी।
कुरुक्षेत्र। थीम पार्क में एकत्रित कचरे को समेटने की तैयारी। संवाद- फोटो : 1