कुरुक्षेत्र। केंद्रीय स्तर पर फरवरी या मार्च माह में स्वच्छता सर्वेक्षण परीक्षा होने की उम्मीद है जिसमें तय 10 एजेंडों पर 12500 प्वांइट मिलने हैं। इसमें सफल होने के लिए नगर परिषद ने खाका तैयार कर लिया है।
नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अब रेहड़ी फड़ी से लेकर शोरूम के बाहर भी कूड़ेदान नहीं मिला तो तत्काल चालान होगा। इसके लिए नगर परिषद का अमला बाजारों में एक-एक दुकान का सर्वेक्षण करेगा।
स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों के लिए नप की टीमें अभी तक शहर के 32 वार्डों में 25 से ज्यादा स्कूलों, 60 अस्पतालों और सार्वजनिक संस्थानों का निरीक्षण कर चुकी हैं। टीम की ओर से स्वच्छता मानकों की जांच के साथ-साथ वहां मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वच्छता परीक्षा से पहले उक्त संस्थानों व शहर स्थित सभी सार्वजनिक शौचालयों का एक बार फिर सर्वेक्षण कराया जाएगा ताकि बेहतर स्थिति बनी रह सके।