कुरुक्षेत्र। राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की ओर से नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक वर्मा इस अभियान को गति दे रहे हैं। इसी के तहत सोमवार को साइकिल यात्रा निकाल कर लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के लिए नरकातारी पहुंचे । जहां राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत सात दिवसीय शिविर में नशे के विरुद्ध व्याख्यान देकर स्वयंसेवकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत करवाया।
डॉ.वर्मा ने कहा कि नशा तस्करों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई इस बात का साक्ष्य है कि 2023 में 3823 अभियोग अंकित कर 5918 से अधिक अपराधियों को कारागार तक पहुंचाया गया है तो वर्ष 2024 में 3330 अभियोग अंकित कर 5201 नशा तस्करों को कारागार का मार्ग दिखाया है। इसके साथ कोई नया व्यक्ति इस नशे की दलदल में न फंसे इसके लिए भी अलग से व्यवस्था की गयी है और वह है नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम, नून लौटा के माध्यम से शपथ, बकेट चैलेंज, राम गुरुकुल गमन मंचन आदि।
उन्होंने विस्तार से नशे के दुष्परिणामों के बारे कहा कि यदि नशा अच्छा होता तो सबसे पहले मां ही अपने बच्चे को यह खाने के लिए देती। कोई भी नशा के प्रचलन व अवैध कारोबार को लेकर एंटी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 1933 पर अथवा मानस पर नशे के विरुद्ध गुप्त सूचनाएं दे सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी को शपथ ग्रहण भी करवाई गई।