कुरुक्षेत्र। गांव मोहनपुर में युवक के थप्पड़ मारने से आहत एक महिला ने गाडर के साथ रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लेने का मामला सामने आया है। महिला की शिनाख्त सुमन 30 निवासी मोहनपुर के रूप में हुई। सुमन आरोपी रवि के घर अपने पति के बारे में पूछताछ करने गई थी। यहां रवि की मां सहित अन्य महिलाओं ने उसे मारने-पीटने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने सैंपल एकत्रित किए।
अमनदीप ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसका भाई विक्रम गांव के ही एक व्यक्ति के पास खेती का काम करता है। वह निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। उसके बारे में पूछताछ करने के लिए उसकी भाभी सुमन गांव के ही प्रेम के घर पर गई थी। यहां उसकी भाभी की अपने पति विक्रम को लेकर घर की महिलाओं के साथ कहासुनी हो गई थी। इन महिलाओं ने उसे मारने-पीटने की धमकी दी तो सुमन घर लौट आई थी। उसके पीछे-पीछे प्रेम का बेटा रवि भी घर में घुस आया। उसने आते ही उसकी भाभी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी रवि उसकी भाभी को थप्पड़ मार दीवार फांदकर फरार हो गया। इससे आहत होकर उसकी भाभी सुमन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। वह शाम करीब साढ़े सात बजे काम से घर लौटा तो उसके भतीजे सोनू ने बताया कि उसकी मम्मी ने खुद को कमरे में बंद कर रखा है। उसने खिड़की से झांक कर देखा तो सुमन का शव फंदे पर लटका हुआ था। उन्हाेंने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बथाना सदर पिहोवा प्रबंधक जीत सिंह ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने तीन महिलाओं सहित चार लोगों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ धारा 306, 34 और 452 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।