संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का जल्द गठन किया जाए ताकि गुरुघरों व अन्य संस्थानों का सही प्रकार से संचालन किया जा सके। यह मांग सदस्यों की एक विशेष बैठक में की गई।
बैठक सिख मिशन कार्यालय में हुई, जिसमें कमेटी की कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा हुई। कमेटी के मेंबर जल्द ही सीएम से मुलाकात कर इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की मांग करने का निर्णय लिया गया। पत्रकारों से बातचीत में प्रकाश सिंह साहुवाला ने कहा कि चुनाव हुए दो माह से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार ने कार्यकारिणी का गठन नहीं किया। इससे सिख संगत में भारी रोष है और कमेटी के महत्वपूर्ण कार्य रुके हैं।
उन्होंने कहा कि बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि चुनाव में हार चुके लोगों को नामित न किया जाए, क्योंकि सिख संगत पहले ही उन्हें नकार चुकी है। कमेटी के लिए नौ नामित सदस्यों का चयन होना बाकी है, जिसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। वहीं बलदेव सिंह कायमपुर ने कहा कि उनके पास 17 सदस्य है। बैठक में भी 13 सदस्य रहे हैं। यही नहीं कई अन्य सदस्य भी उनके संपर्क में हैं। उन्होंने सरकार से उम्मीद जताई कि जल्द ही नामित सदस्यों का चयन कर कार्यकारिणी गठित की जाएगी।