संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) के चुनाव की स्थिति साफ हो गई। वीरवार को प्रशासन की ओर नामांकन वापस लेने के साथ चुनाव चिह्न आबंटित किए गए। जिले के पांच वार्डों से नौ महिला समेत 40 लोगों ने नामांकन भरा था, जिसमें से छह महिला समेत 19 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया। अब कमेटी के चुनाव में तीन महिलाओं सहित 21 प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि वार्ड-11 पिहोवा से एक महिला सहित पांच लोग स्याणा सैयदां गांव से कुलदीप सिंह व मनजीत कौर, गुरु अमरदास काॅलोनी से सतपाल सिंह, जुरासी खुर्द से हरबंस सिंह व पूर्ण सिंह ने नामांकन भरा था। इस वार्ड से जसवंत सिंह व मनजीत कौर ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया है।
इसी तरह वार्ड-15 थानेसर से दो महिलाओं सहित छह लोग सेक्टर-सात से भूपिंद्र सिंह व मोहिंद्र सिंह, अजराना खुर्द से रविंद्र कौर व कंवलजीत सिंह और सलपानी खुर्द से हरमनप्रीत सिंह व रूपिंद्र कौर ने नामांकन पत्र भरा था। इसमें से मोहिंद्र सिंह, कंवलजीत सिंह व रुपिंद्र कौर ने अपना नामांकन वापस लिया है।
बताया कि वार्ड-12 मुर्तजापुर से दो महिला सहित नौ लोग चनालहेडी के इंद्रजीत सिंह व अमरीक कौर, भौर सैयदां से अमृतपाल व कर्मजीत कौर, तलहेड़ी गांव से मनप्रीत सिंह, गुमथला गढू से रिपू दमन चीमा, नैंसी से जवाहर सिंह, दुनिया माजरा से इकबाल सिंह व ठसका मीरांजी से सुरजीत सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसमें अमरीक कौर, कर्मजीत कौर, इकबाल सिंह, जवाहर सिंह, रिपू दमन चीमा व मनप्रीत सिंह ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया।