पानीपत में खड़ी ट्रेन और कुरुक्षेत्र में चलती बस में बम धमाके होने, पलवल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जिले में पहले से ही अलर्ट था और अब उधर जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ बस पर आतंकी हमले के बाद दिल्ली, चंडीगढ़ में भी अलर्ट जारी है।
इधर सरकार ने राज्य में भी आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर अलर्ट जारी किया है लेकिन, हरियाणा पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान सारे अलर्ट की धज्जियां उड़ाई जा रही है। हजारों अभ्यर्थियों के बैग यहां पर लगे स्टॉल और दुकानों पर बिना जांच के रखे जा रहे हैं। इसके लिए 20-30 रुपये तो लिए जाते हैं लेकिन न कोई पहचान पत्र की जरूरत है न बैग की जांच की। अभ्यर्थियों की आड़ में कोई भी गलत व्यक्ति इसका फायदा उठा सकता है। यह सब भर्ती स्थल के आसपास पुलिस की मौजूदगी में ही हो रहा है।
एचएसएससी ने हरियाणा पुलिस भर्ती प्रक्रिया के लिए हर दिन 10 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को बुलाया है। आयोग या जिला प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने भर्ती स्थल के पास खाने पीने के स्टाल लगाए हैं। कुछ स्टालों पर बाकायदा बोर्ड लगाए गए हैं कि सामान यहां रखें। इसके एवज में अभ्यर्थियों से कोई 20 से लेकर 50 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
बगैर जांच के रखे जा रहे हैं बैग
अभ्यर्थी को अपना बैग रखने के लिए स्टॉल पर सिर्फ पैसे चुकाना है। बदले में उसे एक टोकन दिया जाता है। जाते वक्त यह टोकन या नंबर लिखी पर्ची दुकानदार को देने पर बैग वापस मिल जाता है। बैग की जांच नहीं होती हालांकि कुछ दुकानदार इतनी सतर्कता जरूर रख रहे हैं कि बैग जमा कराने वाले अभ्यर्थियों का नाम लिख रहे हैं।
लापरवाही पड़ न जाए भारी
अभ्यर्थियों की आड़ में कोई दशहतगर्द मौत का सामान इन स्टॉलों पर रख सकता है लेकिन पुलिस प्रशासन का इस तरफ ध्यान नहीं है। इसी अनदेखी का फायदा उठा कर कई अभ्यर्थी नशे का सामान तक लेकर आ चुके हैं। सीआरपीएफ बस हमले के बाद चंडीगढ़ में भी अलर्ट जारी हो चुका है। चंडीगढ़ की दूरी यहां से ज्यादा नहीं है फिर भी पुलिस बेफिक्र बनी हुई है।
लॉजिंग तक चल रही परिसर में
चौंकाने वाली बात यह भी है कि भर्ती परिसर में ही रजिस्ट्रेशन काउंटर के नजदीक एक निर्माणाधीन भवन है। यहां पर किसी ने बैनर लगाकर लॉजिंग शुरू कर दी है। अभ्यर्थियों को यहां रात में ठहराया जाता है। यहां भी अभ्यर्थियों की आड़ में कोई गलत व्यक्ति रुक सकता है।
एसपी बोले, लगेगा बैन
एसपी सिमरदीप सिंह का कहना है कि डिप्टी कमिश्नर से सुरक्षा के मद्देनजर आज ही बात हुई है। इस ओर अब विशेष ध्यान दिया जाएगा। अतिरिक्त सतर्कता के लिए सभी को निर्देशित किया जाएगा। जहां तक स्टॉलों पर बगैर जांच के बैग या सामान रखने का सवाल है तो निजी स्टॉलों पर बैन लगाने की तैयारी है।