पिहोवा। ढांड रोड पर कार की टक्कर से बाइक चालक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त बॉबी 28 निवासी गुरु नानक कॉलोनी के रूप में हुई। बॉबी ढांड कैथल के होटल में काम करता था। बॉबी अपने पीछे दो बच्चे और पत्नी को छोड़ गया। पुलिस में दर्ज शिकायत में राजकुमार निवासी गुरु नानक काॅलोनी ने बताया कि वह ढांड रोड असमानपुर गांव के पास गोलगप्पे की रेहड़ी लगाता है। उसका छोटा भाई बॉबी होटल में अपने काम से फारिग होकर अपनी बाइक पर उसके पास आया था। यहां से वह दोनों अपनी-अपनी बाइकों पर घर के लिए चले थे। उसका भाई उससे आगे चल रहा था। रात करीब 10 बजे उसका भाई ढांड टी-प्वाइंट के आगे असमानपुर गांव के पास पहुंचा तो पिहोवा की तरफ से आई कार ने उसके भाई की बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका भाई बाइक सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया।
उसने तुरंत अपनी बाइक रोककर भाई को संभाला और एंबुलेंस के जरिए उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके भाई को कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया, मगर उसके भाई की नाजुक हालत को देखते हुए उसे निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच करके उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कार चालक गौरव के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।