2016 में आर्य युवा महासम्मेलन में पहुंचे थे अमित शाह
गुरुकुल कुरुक्षेत्र में आयोजित आर्य युवा महासम्मेलन व गुरुकुल के 104वें वार्षिकोत्सव के लिए 22 अक्तूबर 2016 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पत्नी सोनल शाह के साथ कालका शताब्दी ट्रेन से पहुंचे थे। उन्होंने उस दौरान कहा था कि विश्व की तमाम समस्याओं का समाधान पवित्र गीता में समाहित है।
26 मार्च 2017 को कार्यकर्ताओं को दिया था गुरुमंत्र
कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र देने के लिए भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 26 मार्च 2017 को पंजाबी धर्मशाला में पहुंचे थे। तीन दिवसीय पंडित दीन दयाल उपाध्याय कार्य विस्तार योजना के तहत शताब्दी विस्तार कार्यक्रम यहां उन्होंने पार्टी फुल टाइमर्स को संस्कृति, संस्कार, समरसता, संपर्क और संवाद का एक घंटे तक पंचामृत पिलाया था। उन्होंने पूर्णकालिक कार्यकर्ता की भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को संपर्क और संवाद के जरिये जनता में समरसता का भाव बनाए रखने और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को समझाने और कड़ी मेहनत करने का गुर मंत्र दिया था।
22 दिसंबर 2023 में गीता ज्ञान को आत्मसात करने का दिया था संदेश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 दिसंबर 2023 को पवित्र ब्रह्मसरोवर के पुरूषोत्तमपुरा बाग में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान आयोजित संत सम्मेलन में भी पहुंचे थे। यहां से उन्होंने गीता ज्ञान को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि आजादी के 75 साल बाद गीता के ज्ञान को संत-महात्मा प्रचार कर रहे हैं। गीता में हर समस्या का समाधान मौजूद है। भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन की शंकाओं का समाधान के लिए गीता का उपदेश दिया था। इसी मंच से उन्होंने धारा 370 हटाए जाने पर भी खुलकर जिक्र किया था।
चुनाव के दौरान 2024 में कार्यकर्ताओं में भरा था जोश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 27 सितंबर 2024 को सीएम सिटी लाडवा पहुंचे थे, जहां विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा था। यहां उन्होंने अग्नीवीर व अन्य केंद्र सरकार की योजनाओं पर खुलकर चर्चा की थी तो कांग्रेस के प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व को भी घेरा था। उन्होंने कहा था कि राहुल बाबा झूठ बोलने की मशीन है।
उन्होंने घोषणा की थी कि आधुनिक सूरजमुखी तेल पिराई मशीन लाडवा में लगाई जाएगी तो ज्योतिसर में महाभारत थीम पर अध्यात्मक केंद्र बनाएंगे। हर गांव में महिला चौपाल लगाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों का सेवा केंद्र खोलेंगे। खिलाड़ियों के लिए नर्सरी खोलेंगे। महिलाओं के खाते में 2100 रुपये प्रति महीना देंगे। दो लाख युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची नौकरी देंगे। पांच लाख गरीबों के लिए आवास बनाएंगे। 500 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे। अग्निवीरों को पक्की नौकरी देंगे।
ये भी पढ़ें: सीएम सैनी ने कांग्रेस पर साधा निशाना: बोले- ₹500 लेकर खोला जाता था किसानों का खाता, दो रुपये मिलता था मुआवजा