कुरुक्षेत्र। जिला नागरिक अस्पताल में अब मरीज 22 नवंबर तक घुटने, कूल्हे व मोतियाबिंद के ऑपरेशन नि:शुल्क करा सकेंगे। ये ऑपरेशन जिला अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत सर्जिकल शिविर में हो रहे हैं। शिविर में मंगलवार को 21 लोगों ने सर्जरी कराई। वहीं सोमवार को 15 लोगों ने योजना का लाभ उठाया। हाल ही में सरकार ने आयुष्मान कार्ड पर ऑपरेशनों को निजी अस्पतालों में बंद कर दिया था। जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में शिविर लगाकर लोगों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। लोग शिविर में काफी लाभ उठा रहे हैं। अभी तक जिला अस्पताल में चार लोगों के कूल्हे बदले जा चुके हैं। वहीं एक मरीज का घुटना बदला जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान लाभार्थियों के लिए कुछ सर्जिकल पैकेज सरकारी अस्पताल में शुरू किए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्राइवेट अस्पतालों में ही नि:शुल्क इलाज किया जा रहा था। शिविर में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थी अब अपने घुटने, कूल्हे, आंखों के मोतियाबिंद व पेट संबंधित बीमारी का ऑपरेशन करवा सकेंगे।