बाबैन। विजेता टीम को सम्मानित करते हुए सरपंच राकेश कुमार, कोच राजकिशन व अन्य। स्वयं
बाबैन। सांसद खेल महोत्सव के तहत संघौर गांव में महिला व पुरुष टीमों के बीच वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता में ऋंगी ऋषि खेल क्लब संघौर ने प्रथम स्थान हासिल किया जिन्हें 21 हजार का इनाम देकर सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान श्री शिव क्लब संघौर रहा, जिन्हें 11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। जीत की इस खुशी में गांव के लोगों ने खिलाड़ियों का गांव में पहुंचने पर फूल-मालाओं से स्वागत किया।
पूरे गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला। संघौर के सरपंच राकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और कहा कि गांव के युवा खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए प्रतिभा का लोहा मनवाएं। विजेताओं को आगे भी इसी जोश के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कोच राजकिशन ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। इस मौके पर गांव वासी रोशन लाल, ओमप्रकाश, हरदयाल सिंह, बलबीर सिंह, पूर्व सरपंच बलिंद्र सिंह और रणधीर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।