फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुए का हाईप्रोफाइल मामला पकड़ा, नौ पर केस

Sat, 28 Nov 2015 12:19 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में हाईप्रोफाइल जुए के खेल का खुलासा वीरवार की रात को थाना शहर पुलिस ने किया है। पुलिस ने शहर के नौ लोगों को काबू कर हजारों रुपये बरामद किए हैं। वहीं मामले में पुलिसकर्मियों और जुआ खेल रहे लोगों के बीच मिलीभगत के खेल का खुलासा भी हुआ है।
विज्ञापन


पुलिस ने एक एएसआई के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिसकर्मी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं, मामले में फंसे अधिकतर आरोपी शहर की कई बड़ी सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में सदस्य अथवा पदाधिकारी भी बताए जा रहे हैं। सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

वीरवार को रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-5 के एससीएफ नंबर 46 में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सेक्टर-7 चौकी पुलिस की टीम ने वहां रेड की और जुआ खेलते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ मामला दर्ज किया।
विज्ञापन


इनमें एससीएफ मालिक नरेश कुमार, प्रवीण कुमार निवासी माडल टाउन, देवेंद्र कुमार निवासी पटेल नगर, देवेंद्र निवासी जोशियान मोहल्ला, राकेश कुमार निवासी कुरुक्षेत्र, अमित कुमार निवासी न्यू कालोनी, राजेंद्र निवासी माजरी मोहल्ला शाहाबाद, जयपाल निवासी कुरुक्षेत्र, सन्नी निवासी सेक्टर-5 के नाम शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 25 हजार 300 रुपये बरामद किए हैं।

लेकिन, पुलिस के पहुंचने के साथ ही शहर के कई बड़े राजनीतिज्ञों के फोन पहुंचने शुरू हो गए और लोगों को छुड़वाने के लिए जद्दोजहद होने लगी। सूत्रों का कहना है कि इसी दौरान एएसआई सुनील कुमार भी वहां पहुंच गया जिसने रेड करने पहुंचे पुलिसकर्मियों को दबंगई दिखाई और साथ ही उन्हें मुकदमा दर्ज न करने के लिए दबाव बनाने लगा।

सफेदपोश लोगों की लगी चौकी में भीड़
सूत्रों के अनुसार आरोपियों के ठिकाने पर रेड करने की जानकारी मिलते ही शहर के कई बड़े सफेदपोश लोग भी जुआ खेल रहे लोगों को छुड़वाने के लिए सिफारिश करने के लिए चौकी में पहुंच गए। आरोपी ताश के माध्यम से जुआ खेल रहे थे और दाव पर लाखों रुपये लगे हुए थे।

लेकिन, पहले ही पुलिस टीम की रेड की भनक हो जाने के बाद रुपया इधर-उधर कर दिया गया और देखते ही देखते लाखों का जुआ हजारों रुपये में तबदील हो गया।

पुलिसकर्मी के खिलाफ भी हुआ मामला दर्ज
शहर में देर रात जुए के अड्डे पर रेड करने के दौरान एक एएसआई जो कि अंबाला कमिश्नर कार्यालय में तैनात है के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

एएसआई सुनील कुमार ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि उन्हें मुकदमा दर्ज करने से भी रोका। सेक्टर-7 चौकी प्रभारी एसआई राजपाल के बयान पर उसके खिलाफ भी ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



शहर के सेक्टर-5 स्थित एससीएफ में जुआ खेलने की सूचना मिली थी। जुआ खेल रहे 9 लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और उनकी मदद में आए एक एएसआई जिसने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और ड्यूटी में बाधा पहुंचाई है उसके खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन

-राजपाल सिंह, चौकी प्रभारी, सेक्टर-7, कुरुक्षेत्र।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें