पिहोवा। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर शनिवार को टीकरी गांव के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। एक निजी बस और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 20 वर्षीय सहायक अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि बस चालक समेत आठ से 10 यात्री चोटिल हुए। शेख चेहली मकबरा निवासी अजय (22) ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहा था। उसके साथ नालंदा, बिहार निवासी अनुज (20) सहायक के तौर पर था।
वे कैथल के क्योड़क गांव से ईंटें लेकर तलहेड़ी जा रहे थे। टीकरी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे से सुरमी की ओर मुड़ने का प्रयास कर रही थी तभी अंबाला की ओर से आ रही पिहोवा-अंबाला रूट की निजी बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और ईंटें सड़क पर बिखर गईं। बस भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा उतरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अजय को लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। अनुज क्योड़क गांव में परिवार के साथ रहता था और उसकी शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। पिहोवा सदर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अनुज के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।