कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। जिलेभर में मंगलवार को मौसम में बदलाव बना रहा। इसके कारण कभी धूप खिली तो कभी बादल छाए रहे। देर शाम विभिन्न क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। वहीं अगले तीन से चार दिन तक मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। बूंदाबांदी के बाद जिले में अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में हुए बदलाव से जहां एकाएक बढ़ी गर्मी से कुछ राहत मिली है वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। किसान विष्णुदत्त शर्मा, कृष्ण, राजेश, अनिल इत्यादि ने बताया कि इस समय किसानों की गेहूं और सरसों की फसल पक कर तैयार खड़ी है।
मौसम साफ रहने पर सप्ताहभर में कटाई का कार्य शुरू होने वाला है। ऐसे में मौसम में बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों ने कहा कि मंगलवार देर शाम तेज हवा के साथ आई बूंदाबांदी से गेहूं की फसल का खेतों में बिछने का भय बना हुआ है। यदि बरसात ज्यादा हुई तो इसका विपरीत असर गेहूं की निकासी पर पड़ेगा। किसानों ने कहा कि इस समय किसानों को मौसम साथ की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. ममता ने कहा कि फिलहाल मौसम में बदलाव की आशंका है। वहीं कृषि विभाग के अधिकारी डॉ. जितेंद्र मेहता ने कहा कि बदलते मौसम में किसानों को अलर्ट रहने की जरूरत है।