कुरुक्षेत्र। जून के महीने में बुखार आए तो तुरंत डॉक्टर को चैकअप करवाएं। जून माह को राष्ट्रीय एंटी मलेरिया माह के रूप में मनाया जाता है। मानसून से पहले
मच्छर जनित रोगों मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। न केवल फील्ड में उतारने के लिए मैन पॉवर बढ़ाई जा रही है बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी शुरू किया है। यहीं नहीं एडवाईजरी भी जारी की गई है।
विभाग द्वारा वीरवार को एंटी मलेरिया माहके अंतर्गत जिला मुख्यालय पर वेक्टर बोर्न डिजीज जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
सीएमओ डाॅ. सुखबीर ने रैली को एलएनजेपी अस्पताल से नागरिकों को जागरूक करने के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले मच्छर जनित रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग नागरिकों को जागरूक करने के लिए कई प्रकार की गतिविधियों को चला रहा है। रैली निकालकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा वर्कर, एएनएम और नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने बैनर व तख्तियों के माध्यम से हर रविवार मच्छर पर वार, पानी इक्क्ठा न होने दें जैसे संदेश दिए। रैली शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड और रिहायशी इलाकों से होते हुए नागरिकों को घरों व आसपास पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित किया गया।