कुरुक्षेत्र। शहर वासियों को डेंगू के डंक से बचाने के लिए इस बार स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती दौर से ही कमर कस रखी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ड्यूटी से अतिरिक्त टाइम देकर लोगों की जांच में जुटी है। विभाग की 130 टीमों में 550 कर्मचारी काम कर रहे हैं।
पिछले साल जहां पर डेंगू को लेकर हॉटस्पॉट बने थे, स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इस बार उन स्थानों पर पहले से ही मोर्चा संभाल रखा है। बता दें कि अभी तक जिले में डेंगू का एक भी मामला सामने नहीं आया है, जबकि पिछले साल डेंगू के 283 मामले सामने आए थे। शहर की 10 कॉलोनी में सबसे ज्यादा डेंगू के मामले सामने आए थे। विभाग ने अभी तक 12 लाख घरों को जांचा है, जिसमें 2148 जगहों पर डेंगू का लारवा मिला है। जिन जगहों पर डेंगू का लारवा मिला था, विभाग ने उसे नष्ट कर मकान मालिक को डेंगू के प्रति जागरूक किया। वहीं जिन जगहों पर दोबारा से डेंगू का लारवा मिला विभाग ने उन्हें नोटिस थमाया है। बता दें कि विभाग ने 151 लोगों को नोटिस दिया है।
इन क्षेत्र में हुई फॉगिंग ः गांव रामपुर डेरा, उमरी रोड, बाजीगर डेरा, ब्रह्मसरोवर एरिया, झांसा रोड, भद्राकाली मंदिर, राज पैलेस, कामरेड कॉलोनी, कृष्णा आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी, कॉलेज ऑफिसर क्वार्टर, ब्रह्म सरोवर, पुलिस लाइन, रेलवे रोड, अग्रवाल धर्मशाला, गुरुकुल, सेक्टर 5, डीसी कॉलोनी, सेक्टर 13 में विभाग ने फॉगिंग कराई।