लाडवा। सीएचसी केंद्र में गर्भवती महिलाओं की जांच करते स्वास्थ्य अधिकारी। स्वयं
लाडवा। क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 73 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इनमें उच्च जोखिम वाली और गंभीर गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान महिलाओं को निःशुल्क अल्ट्रासाउंड, दवाइयां और अन्य जरूरी जांच की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
शिविर में चिकित्सकों ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर गर्भावस्था से जुड़ी संभावित जटिलताओं की पहचान की और जरूरत के अनुसार उपचार व परामर्श दिया। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्णकांत ने बताया कि नियमित जांच से गर्भावस्था की जटिलताओं का समय रहते पता लगाकर उपचार किया जा सकता है। इससे मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित जांच करवाने और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने की अपील की।