लाडवा। इंद्री मार्ग पर बड़ौंदी गांव के पास कार व बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाडवा ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एलएनजेपी कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया। गंभीर चोट के कारण उसे आदेश मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया जहां बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान गौरव कंबोज निवासी बुबका रादौर यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अकबर वासी कुम्हार वाला मोहल्ला लाडवा ने बताया कि वह बिजली का काम करता है। एक दिसंबर रविवार को वह अपने निजी काम से अपनी मोटरसाइकिल पर इंद्री गया था। अपना काम निपटाने के बाद जैसे ही वह इंद्री बस अड्डा पर पहुचा तो उसे उसके दोस्त गौरव व अमन निवासी बुबका रादौर मिले। कुछ देर बातचीत के बाद गौरव व अमन बाइक पर चल दिए। बड़ौंदी गांव के नजदीक पहुंचे तो लाडवा की तरफ से आ रहे एक कार चालक ने सीधी टक्कर मार दी। गौरव व अमन बुरी तरह घायल हो गए। गौरव को ज्यादा चोट होने के कारण उसे आदेश अस्पताल शाहाबाद रेफर कर दिया। इलाज के दौरान गौरव की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।