कुरुक्षेत्र। हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (हसला) ने जनगणना-2027 में प्राध्यापकों को एन्यूमरेटर के बजाय सुपरवाइजर लगाने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में डीसी विश्राम कुमार मीणा को ज्ञापन सौंपा। हसला के जिला प्रधान डॉ. तरसेम कौशिक के नेतृत्व में यह ज्ञापन दिया गया, इसमें एन्यूमरेटर के कम से कम 50 फीसदी पद दूसरे सरकारी विभागों के कर्मचारियों से भरने का प्रस्ताव है। हसला का कहना है कि इससे शिक्षकों पर अतिरिक्त काम का बोझ कम होगा, साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
संगठन ने ग्रुप-बी के राजपत्रित प्राध्यापकों को नियमानुसार सुपरवाइजर स्तर की जिम्मेदारी देने का अनुरोध किया। ड्यूटी लगाते समय प्राध्यापकों के पद, वरिष्ठता और अनुभव को ध्यान में रखा जाए। हसला ने जनगणना के सफल संचालन में जिला प्रशासन को पूरा सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है।