हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के बीच चल रहा विवाद फिलहाल थम नहीं रहा है। कमेटी की ओर से यह मामला श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष ले जाने की तैयारी की जा रही है, वहीं विवादों में आए कमेटी महासचिव गुरविंद्र सिंह धमीजा और पूर्व अध्यक्ष रहे बलजीत सिंह दादूवाल भी जवाब देने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। इसके साथ ही अब सभी की नजरें श्री अकाल तख्त पर होने वाले फैसले पर टिकी हैं। इसके बाद कमेटी में कुछ बदलाव होने की आशंका भी जताई जाने लगी है।
विवाद को लेकर संगत में भी रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। इस संदर्भ में लगातार दो दिन कुरुक्षेत्र गुरुद्वारा छठी पातशाही में अहम बैठकें हुईं, वहीं इसके बाद रविवार को करनाल में भी इस मामले पर व्यापक चर्चा की गई। हालांकि इन बैठकों में महासचिव व पूर्व अध्यक्ष की सामने आई शब्दावली पर कड़ा एतराज जताया गया।
13 अगस्त को हुई कमेटी की बैठक के दौरान यह विवाद अचानक बढ़ा था, जिसकी वीडियो भी जमकर वायरल हुआ। वहीं संगत की हुई बैठक में विवादों में आए दादूवाल व धमीजा का बाॅयकाट करने पर भी चर्चा की गई थी। जिस पर संगत ने कमेटी प्रधान से भी स्पष्ट रुख लिए जाने का निर्णय लिया था। ऐसे में यह बैठक भी जल्द होने की उम्मीद है, जिसमें भी बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
महंत आज कर सकते हैं खुलासा
कमेटी प्रधान महंत करमजीत सिंह इस मामले को श्री अकाल तख्त साहिब पर ले जाने को लेकर अन्य पदाधिकारियों से चर्चा कर चुके हैं तो वहीं इसके लिए तैयारियां भी कई दिनों से की जाती रही। हालांकि अभी तक कमेटी प्रधान खुलकर इस मामले को लेकर सामने नहीं आए हैं, लेकिन मंगलवार को वे अहम खुलासा कर सकते हैं। संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे पूरे मामले पर मंगलवार को विस्तार से चर्चा करेंगे।
धमीजा ने दी चुनौती, खुली बहस करने को तैयार
विवादों में आए कमेटी महासचिव गुरविंद्र सिंह धमीजा का कहना है कि वे पूरे मामले को लेकर श्री अकाल तख्त पर जाने को तैयार हैं। वे चाहते हैं कि कमेटी प्रधान पत्र आदि भेजने की बजाय खुद पहुंचें और वे भी साथ जाने को तैयार हैं, ताकि मौके पर ही आमने-सामने जवाब दिया जा सके। यहां तक कि वे संगत के बीच महंत से खुली बहस करने को भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी प्रधान कमेटी कार्यालय व सिख रिसर्च सेंटर को अपने डेरे पर लेकर जाना चाहते हैं, लेकिन ऐसा किसी भी स्तर पर नहीं होने दिया जाएगा।