संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों के चलते ब्रह्मसरोवर तट पर हरियाणा पवेलियन सजने लगा है। पवेलियन का शुभारंभ 24 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे, जबकि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी अवलोकन किए जाने की चर्चा की जाने लगी है।
पवेलियन में हरियाणा की पुरातन और आधुनिक सभ्यता का सुंदर मिश्रण देखने को मिलेगा। पर्यटक एक ही स्थान पर लघु हरियाणा के दर्शन कर सकेंगे। पलवल जिला के अनुभवी कारीगर निसार अहमद के नेतृत्व में 1300 बांस, लगभग 500 बल्लियों और सरकंडे के करीब चार हजार बंडलों से इस पवेलियन को तैयार किया जा रहा है, जिसमें 70 के करीब स्टॉल बनेंगे।
इसे हरियाणवी लुक में करीब 15 कारीगर तैयार कर रहे हैं। युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक एवं पवेलियन के इंचार्ज प्रो. विवेक चावला ने बताया कि पवेलियन में लगने वाली स्टॉलों के माध्यम से हरियाणा की लोक कला, पारंपरिक संस्कृति और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रदर्शनी के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए 45 हरियाणवी लोक कलाकार सुबह एवं शाम दोनों सत्रों में अपनी प्रस्तुतियों से आगंतुकों को हरियाणवी संस्कृति से रूबरू करवाएंगे। इसमें सेल्फी प्वांइट भी हरियाणवी लोक कला एवं संस्कृतिक से ओतप्रोत बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पवेलियन में आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल अभियान को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा।
कुरुक्षेत्र। हरियाणा पवेलियपन को तैयार करते पलवल के कारीगर। संवाद