कुरुक्षेत्र/लाडवा में घर से दूध लेने निकले 58 वर्षीय व्यक्ति की वीरवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लाडवा पिपली मार्ग पर एक निजी बैंक के निकट उसका शव पड़ा मिला। सूचना पर लाडवा पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों से पूछताछ की। शव की शिनाख्त राम सिंह वासी संगम मार्केट लाडवा के रूप में हुई, जो कि मुख्य बाजार शिव चौक के पास मोची का काम करता था। परिजनों ने फड़ी लगाने वाले पड़ोसी युवक पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। साथ ही जांच के लिए विसरा मधुबन लैब भेजा है। साथ ही इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे अखिल (20) ने बताया कि उसके पिता रामसिंह मोची का काम करते थे और वह भी उसी जगह पर जूतों की फड़ी लगाता है। उनके पास ही लाडवा वासी गौरव भी जूतियां बेचने की फड़ी लगाता है। आरोप है कि उनकी फड़ी के कारण गौरव उनसे रंजिश रखता था। बुधवार 15 दिसंबर को गौरव ने उसके पिता के साथ किसी बात को लेकर गाली-गलौज की थी तथा जान से मारने की धमकी भी दी थी। उसी रात बाइक पर घर जाते समय गौरव ने उसे रास्ते में रोककर उसके साथ भी गाली-गलौज की। जब उसने विरोध किया तो गौरव ने बेल्ट से उसकी पिटाई की थी तथा चाकू से मारने की धमकी भी दी। इस डर से वह अगले दिन वीरवार को दुकान पर नहीं गया था।
रोजाना की तरह सुबह 8 बजे उसके पिता राम सिंह दुकान पर गए थे और करीब 7 बजे घर वापस आ गए थे। उसके बाद वह घर से दूध लेने के लिए चले गए थे, मगर करीब आधे घंटे तक जब वह वापस नहीं लौटे तो उसने अपनी मां मंजीत कौर के साथ उनकी तलाश की। इस दौरान उसके पिता कोटक महिंद्रा बैंक की सीढ़ियों पर पड़े मिले, उनके पास में ही दूध का डिब्बा भी पड़ा हुआ था। वह तुरंत उन्हें लेकर लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।