कोविड-19 के नियमों को दरकिनार कर शहर की जिमों में शटर डाउन कर वर्क आउट चल रहा है। ऐसा ही एक मामला वीरवार को सेक्टर-7 स्थित एक जिम का सामने आया, जहां कई दिनों से कोविड-19 के नियमों को धज्जियां उड़ाकर जिम को खोला जा रहा था। वीरवार को जिम खुलने की सूचना मिलते ही सुबह-सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट पुलिस बल के साथ जिम में पहुंचे। जहां करीब 20 युवक वर्क आउट करते हुए पाए गए। कार्रवाई करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेशों अनुसार पुलिस ने जिम के मालिक और कोच का चालान कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन की इस प्रकार की कार्रवाई से शहर में अन्य स्थानों पर बंद शटर के पीछे चल रही जिमों के मालिकों में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि कोरोना के चलते सरकार के आदेशानुसार अभी जिम और सिनेमा हॉल खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। इसी बीच कई जिम मालिकों ने सरकार और प्रशासन से चोरी-छिपे जिम को खोल लोगों को वर्क आउट कराना शुरू कर दिया है। इस प्रकार से खुली जिमों पर शिकंजा कसने के लिए गुप्त सूचना के आधार पर वीरवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट उपमंडल अभियंता जसवीर चौहान और सिटी थाना प्रभारी जसपाल ढिल्लो पुलिस बल के साथ सुबह-सुबह सेक्टर-7 स्थित एक जिम में पहुंचे, जहां करीब 20 युवक वर्क आउट कर रहे थे। पुलिस को जिम में देख युवकों में हड़कंप मच गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने जिम में प्रवेश करते ही गेट को अंदर से बंद करवा दिया और वर्कआउट कर रहे युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि यह जिम सेक्टर-5 वासी चंकेश का है। मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने जिम के मालिक चंकेश और दयालपुर वासी ट्रेनर गौरव का चालान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया और जिम को सील कर दिया।
करीब चार माह से बंद हैं जिम
कोविड-19 के चलते सरकार व प्रशासन ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू संपूर्ण भारत में लॉकडाउन के आदेश जारी किए थे। इन आदेशों में बाजारों, सिनेमा हाल, शिक्षण संस्थानों व जिम सहित अन्य भीड़ वाले स्थानों को आगामी आदेशों तक बंद रखने के आदेश दिए थे। जून में अनलॉक-1 शुुरू होने के बाद बाजारों को खोलने के आदेश जारी कर दिए गए, लेकिन सिनेमा हॉल और जिम को अभी भी बंद रखने के आदेश हैं। ऐसा न करने पर कोविड-19 कानून के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जिम के मालिक और कोच को किया गिरफ्तार : एसएचओ
सिटी थाना एसएचओ जसपाल ढिल्लो ने कहा कि सूचना मिली थी कि सेक्टर-7 में कोरोना वायरस के चलते एक जिम खुलती है, जहां काफी संख्या में लोग वर्क आउट करने के लिए पहुंचते हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट जसवीर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुबह जिम में छापा मारा तो वहां करीब 20 युवक वर्क आउट करते हुए पाए गए। इस मामले में पुलिस ने जिम को सील कर जिम के मालिक और कोच का चालान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ ने कहा कि किसी को भी इस प्रकार कोविड-19 के नियमों की धज्जियां नहीं उड़ाने दी जाएंगी। पुलिस लगातार ऐसे जिम पर छापा मार रही है।