पत्नी के मायके जाने के चंद घंटों बाद ही आजाद नगर स्थित अपने मकान में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से फंदा लगा आत्महत्या कर ली, जैसे ही इसकी भनक परिजनों को लगी तो हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी में परिजन युवक को एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की शनाख्त 31 वर्षीय विशाल शर्मा पुत्र गणेश चंद शर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कृष्णा गेट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
आजाद नगर निवासी विशाल शर्मा अपनी पत्नी कंचन बाला और पुत्र कैलवीन सहित अपने बड़े भाई विकास शर्मा के साथ एक ही मकान में रहता था। विशाल अपने भाई विकास के साथ कंस्ट्रक्शन का काम करता था, लेकिन लॉकडाउन के चलते वह अपने घर पर ही था। पुलिस को दर्ज कराए बयान में मृतक के बड़े भाई विकास ने बताया कि विशाल की पत्नी कंचन अपने पुत्र कैलवीन को लेकर बुधवार को करीब 3 बजे अपने माता-पिता व भाई के साथ मायके गांव दुलहेड़ा, जिला ऊना हिमाचल के लिये रवाना हुई थी, लेकिन विशाल उसकी पत्नी को भेजने से मना कर रहा था। नाराज हुए छोटे भाई विशाल को विकास ने समझाया था कि उसकी पत्नी को मायके जाने दे। समझाने के बाद विशाल मान भी गया था। इसके पश्चात विशाल अपने कमरे में चला गया और विकास अपने दोस्त रणबीर के साथ बेटे के बाल कटवाने के लिए दुकान पर चला गया, लेकिन शाम करीब 7 बजे घर जाके देखा तो विकास कमरे में बंद था, आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया तो विकास और उसके दोस्त रणबीर ने खिड़की से झांक कर देखा तो विशाल ने चुन्नी का फंदा बना पंखे पर लटका हुआ था। उन्होंने अफरा-तफरी में विशाल को फंदे से उतारा और एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पैनल द्वारा कराया पोस्टमार्टम, पुलिस कर रही मामले की जांच : राजेश
जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम करवाया है। प्राथमिक जांच में आत्महत्या लग रही है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव का विसरा लेकर जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। हालांकि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।