कुरुक्षेत्र। संघ लोक सेवा आयोग ने वर्ष 2022 की नेशनल डिफेंस एकेडमी और नेवल एकेडमी की फाइनल सूची में गुरुकुल कुरुक्षेत्र के आयुष कुमार ने देशभर में पांचवीं रैंक हासिल की है। जिससे गुरुकुल में खुशी की लहर दौड़ गई। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने इस उपलब्धि पर आयुष के परिजनों के साथ-साथ गुरुकुल स्टाफ को भी बधाई दी। गुरुकुल के प्रधान राजकुमार गर्ग, निदेशक कर्नल अरुण दत्ता, प्राचार्य सूबे प्रताप ने भी एनडीए में शानदार रिजल्ट के लिए रामनिवास आर्य, जितेन्द्र अहलावत, मुख्य संरक्षक संजीव आर्य, सूबेदार बलवान सिंह, सूबेदार एस.के. मोहन्ती, प्रकाश जोशी व सभी छात्रों को बधाई दी।
निदेशक कर्नल अरुण दत्ता ने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा चार सितंबर 2022 को एनडीए व एनए की लिखित परीक्षा करवाई गई थी। गुरुकुल के 11 छात्र लिखित परीक्षा, एसएसबी इंटरव्यू और मेडिकल को क्लियर करते हुए एनडीए के लिए चयनित हुए। फाइनल सूची में गुरुकुल के आयुष कुमार ने जहां देश में पांचवीं रैंक हासिल की वहीं दीपक भारद्वाज ने 22वीं रैंक पाई है जो गुरुकुल कुरुक्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कर्नल दत्ता ने बताया कि गुरुकुल के 11 छात्र जिनमें आठ एनडीए और तीन टीईएस के एक जुलाई से शुरु हो रहे 150वें कोर्स में शामिल होंगे। गुरुकुल के छात्र कौशिल कपूर ने भी 2021 में ऑल इंडिया में 14वीं रैंक हासिल की थी, आयुष कुमार ने ऑल इंडिया में पांचवीं रैंक हासिल कर नया कीर्तिमान बनाया गया। उन्होंने बताया कि एनडीए में गुरुकुल के पिछले केवल पांच वर्षों में ही 42 छात्र एनडीए में चयनित होकर इंडियन आर्मी, एयरफोर्स और नेवी में उच्च अधिकारी के लिए ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं।
एनडीए के बारे में जानता भी नहीं था आयुष
आयुष बताते हैं कि गुरुकुल आने के बाद जाना कि एनडीए क्या है। इससे पहले उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने आचार्यों व माता-पिता को दिया है। आयुष के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने अच्छे संस्कार देने और दिल्ली के दूषित वातावरण से बचाने के लिए आयुष को गुरुकुल में भेजा था मगर गुरुकुल ने आयुष के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचाना और इस उपलब्धि तक पहुंचाया।