कुरुक्षेत्र। नियमितीकरण की मांग के लिए राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के बैनर तले लघु सचिवालय में अतिथि अध्यापकों का धरना सोमवार को 35वें दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान संघ ने 31 जुलाई को कुरुक्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के घेराव का एलान किया।
धरने की अध्यक्षता करते हुए संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र सिंह दहिया ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 29 अप्रैल और 27 मई के आदेशों में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत अतिथि अध्यापकों को 28 मई 2014 से नियमित मानते हुए छह प्रतिशत ब्याज सहित एरियर, पेंशन और ग्रेच्युटी देने के निर्देश दिए हैं, लेकिन तीन माह बीतने के बावजूद शिक्षा विभाग ने नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं की है, जिससे अतिथि अध्यापकों में रोष बढ़ रहा है। इस दौरान सरवन कुमार शर्मा, जयप्रकाश मित्तल, संदीप सागवान, जरनैल सिंह, ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद