कुरुक्षेत्र। प्रदेश भर के सैंकड़ों अतिथि अध्यापक सोमवार को सड़कों पर उतरकर रोष जताया। अतिथि अध्यापकों ने 39 डिग्री तापमान व भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच किया लेकिन पुलिस ने चार लेयर बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें धरना स्थल से डेढ़ किलोमीटर आगे जिंदल चौक पर ही रोक दिया। अतिथि अध्यापकों ने वहीं पर रोष जताना शुरू कर दिया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस की सांसें फूली रही। उनके लौटने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
अतिथि अध्यापक पिछले करीब एक सप्ताह से जिला सचिवालय परिसर में धरना दे रहे हैं। उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास घेरने का ऐलान किया था। इसलिए पुलिस ने सुबह करीब आठ बजे से ही यहां नाकेबंदी शुरू कर दी थी। इस दौरान डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में काफी संख्या में पुलिसकर्मी दो वाटर कैनन व अन्य बंदोबस्त के साथ तैनात रहे। उधर राज्य प्रधान दिनेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश भर के अतिथि अध्यापक सोमवार को धरना स्थल पर जुटे। यहां पर आयोजित सभा की अध्यक्षता रणधीर सिंह कुंडू ने की जबकि संचालन पूनम कुमारी ने किया। करीब एक बजे अतिथि अध्यापक धरना स्थल से रोष मार्च निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें जिंदल चौक पर ही रोक लिया।यहां पर राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य प्रधान दिनेश यादव राज्य महासचिव भूपेंद्र सिंह सर्व कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव कृष्ण नैन हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य प्रधान प्रभु सिंह राज्य महासचिव रामपाल शर्मा ने अतिथि अध्यापकों को संबोधित किया। उन्होंने ऐलान किया कि नियमित करने की मांग के समर्थन में 30 जून को प्रदेश के सभी जिलों में 12-12 घंटे का अनशन किया जाएगा और मुख्यमंत्री के नाम जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
हेमसा राज्य प्रधान संदीप सांगवान, आल इंडिया लायेर युनियन के राज्य उप सचिव राजविंद्र सिंह चंदी, रेखा रानी, सुरेंद्र दहिया अशोक शास्त्री रिशाल सिंह ने कहा कि 16 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक निर्णय में प्रदेश के कच्चे कर्मचारियों व शिक्षकों को नियमित करने का आदेश दिया गया और 29 अप्रैल व 27 मई को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा अतिथि अध्यापकों को पक्का करने के आदेश दिया लेकिन दो महीने बाद भी अभी तक एक भी अध्यापक को नियमित नहीं किया गया। इसलिए 23 जून से लघु सचिवालय परिसर में अनिश्चित कालीन धरना शुरु किया गया है। अध्यापक नेताओं ने कहा कि अब 30 जून को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के ओएसडी से मुलाकात तय हुई है, जिसके बाद अगला कदम उठाया जाएगा। संवाद