इस्माईलाबाद। पुलिस ने खेत में हुए जानलेवा हमले के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि 16 जून को थाना इस्माईलाबाद में गांव तंगोरी निवासी सर्वजीत सिंह की शिकायत पर इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि खेत में जमीन के विवाद में आरोपियों ने गंडासियों व डंडों से उस पर और उसके पिता गुरभजन सिंह पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान प्राप्त एक्स-रे रिपोर्ट में दोनों घायलों को फ्रैक्चर होने की पुष्टि होने पर मुकदमे में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई थीं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी जगजीत सिंह एवं कश्मीर सिंह को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त गंडासी, लाठी तथा ट्रैक्टर बरामद किया था। गत 28 जून को पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी दिलप्रीत सिंह निवासी गांव तंगोरी को भी गिरफ्तार कर लिया। संवाद
-