पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर आतंकवादियों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया, जिसके चलते प्रदेश सरकार ने भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया तथा रेलवे स्टेशन से लेकर बस अड्डे तक गहन जांच अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए।
यह निर्देश कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर हवा हवाई ही साबित हुए और महज कुछ देर की खानापूर्ति करने के उपरांत जीआरपी पुलिस अपनी पहले जैसी मुद्रा में दिखाई दी।
यहां दिल्ली से लेकर पंजाब व चंडीगढ़ के लिए रेलगाड़ियां आती व जाती रही, लेकिन रेलगाड़ी के यहां ठहरने के बावजूद पुलिस सक्रिय नहीं दिखाई दी। प्लेटफार्म ही नहीं टिकट घर, पार्किंग स्थल व रेलवे यार्ड मेें भी घंटों भर तक कोई पुलिस कर्मी नजर नहीं आया।
स्टेशन पर स्टाल लगा रहे कई दुकानदारों के अनुसार पुलिस महज कुछ देर के लिए ही स्टेशन पर नजर आई थी, लेकिन कोई गहन जांच व पूछताछ करते हुए पुलिस कर्मी दिखाई नहीं पड़े।
नहीं मिला कोई संदिग्ध व्यक्ति व सामान : इंद्रजीत
राजकीय रेलवे पुलिस थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने दावा किया कि पंजाब की आतंकी घटना के बाद हाई अलर्ट की सूचना के साथ सर्च अभियान चलाए जाने के निर्देश आए थे, जिसके तहत आज जीआरपी, आरपीएफ व रेल वार्डन ने मिलकर सर्च अभियान चलाया, लेकिन इस दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति व सामान नहीं मिला।