पिपली में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने का फैसला किया गया है। गंदगी फैलाने वाले लोगों पर नजर रखने के लिये एक निगरानी कमेटी का भी गठन करने पर सहमति बनी है। ग्राम सचिव और पंचों की रविवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। पिपली को साफ स्वच्छ बनाने के लिए यह कदम लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। इसके लिये जगह जगह होर्डिंग और बैनर भी लगाए जाएंगे।
पिपली धर्मशाला में रविवार को पंचों और ग्राम सचिव मदन कौशिक की मीटिंग हुई। बैठक में पंचों ने पिपली में टूटी सड़कों और गंदगी का मुद्दा उठाया। कई पंचों ने सफाई व्यवस्था को ठीक करने के लिये ग्रामीणों को जागरूक करने की बात भी कही।
पहले समझाईश फिर जुर्माना
बैठक में तय किया गया है कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिये पहले होर्डिंग और बैनर लगाए जाएंगे। उन्हें समझाईश दी जाएगी कि कूड़ा कचरा पेटी में ही डाले, इसके लिये जगह जगह कचरा पेटी रखी जाएगी। यदि इसके बाद भी लोग गंदगी फैलाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसा करने वालों से पंचायत जुर्माना वसूलेगी। पंच सतनाम सिंह ने कहा कि पिपली की हर गली में गंदगी के ढेर लगे हुए है। पंचायत के पास कर्मचारी नहीं है कि हर गली में सफाई कर्मचारी भेज कर उसे उठाया जाए। इसके लिये ग्रामीणों को ही साथ देना होगा।
टूटी सड़कों को ठीक कराने का भी प्रस्ताव
बैठक में टूटी सड़कों को लेकर भी चर्चा हुई। कई जगह पानी के पाइप लीकेज होने से सड़के भी बैठ गई हैं। इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिये भी प्रस्ताव रखा गया। वहीं पंच मीनू ने कहा कि पिपली में पानी की निकासी के लिये भी कदम उठाना चाहिए।
पंच सतनाम सिंह ने बताया कि बैठक में पिपली मस्जिद से लेकर टिवल वाली गली को बनाने प्रस्ताव पारित किया गया है। लीकेज के कारण जो गली या सड़क खराब हो गई है। उसे भी बनाया जाएगा।
ग्राम सचिव मदन कौशिक ने कहा कि बैठक में गांव की सफाई सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। गंदगी फैलाने वाले लोगों पर नजर रखने के लिये कमेटी बनाने पर सहमति हुई है। सीवरेज समस्या को लेकर भी चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि पिपली में गंदगी न फैले इसके लिये पंचायत अहम कदम उठाने जा रही है। कुछ प्रस्तावों पर अगली बैठक में मुहर लगाई जाएगी।