इस्माईलाबाद। लगातार हुई बारिश के बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्माईलाबाद का परिसर जलमग्न हो गया। स्कूल के मुख्य प्रांगण में पानी भर जाने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे बन गए कि छात्रों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए कुर्सियों का सहारा लेना पड़ा।
स्कूल परिसर में पानी भर जाने के कारण बच्चों का कक्षाओं तक पहुंचना और बाहर निकलना बेहद कठिन हो गया। कई स्थानों पर पानी जमा होने से फिसलने और दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। मजबूरी में विद्यालय प्रशासन ने कुर्सियां लगाकर अस्थायी रास्ता बनाया, जिससे छात्र-छात्राएं सावधानीपूर्वक एक-एक कर आवागमन करते नजर आए।
अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बन जाती है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय परिसर में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। ताकि भविष्य में बारिश के दौरान विद्यार्थियों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
वाइस प्रिंसिपल बलविंदर सिंह ने बताया कि विद्यालय परिसर में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) का गड्ढा पूरी तरह भर जाने के कारण बारिश का पानी कुछ समय के लिए स्कूल परिसर में जमा हो गया। विद्यालय में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था है और कर्मचारियों द्वारा पानी निकालने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शाम तक विद्यालय परिसर से पानी पूरी तरह निकाल दिया जाएगा।