बाबैन में तीन बच्चों की 28 वर्षीय विधवा मां की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। महिला की हत्या बाइक में लगने वाली क्लच वायर से गला घोंटकर की गई है।
घटनास्थल के हालात बताते हैं कि शव खेत में खींच कर लाया गया है। एक ग्रामीण ने शव को खेत में पड़ा देख गांव के सरपंच को सूचित किया।
पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। हत्या की जानकारी मिलते ही डीएसपी नुपूर बिश्नोई एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचीं और फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके जांच कराई।
बाबैन पुलिस ने वीरवार शाम हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बाबैन थाना के जलालुदीन माजरा गांव के निकट वीरवार सुबह सड़क के किनारे धान के खेत से एक महिला का शव मिला।
इस महिला की पहचान बाबैन वासी 28 परमजीत कौर उर्फ पम्मी पत्नी स्वर्गीय जीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने घटनाथल से बाइक के क्लच वायर भी बरामद किए हैं।
पुलिस को शक है कि इसी क्लच वायर से महिला की गला दबाकर हत्या की गई। खेत में मिली महिला की लाश बिना चुन्नी के थी, उसके पैरो में चप्पल भी नहीं थी। हालात यही बताते हैं कि हत्या के बाद शव को खेत तक घसीट कर लाया गया था।
समाचार लिखे जाने तक मृतक महिला की हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका था। लेकिन पुलिस ने बाबैन वासी सुरजीत सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जलालुदीन माजरा वासी धर्मपाल वीरवार सुबह जब बरगट रोड पर स्थित अपने खेतों में गया तो उसने सड़क के किनारे स्थित धान के खेत में एक महिला का शव औंधे मुंह पड़ा देखा।
धर्मपाल ने इसकी सूचना तुरंत गांव के सरपंच कर्मवीर व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बाबैन के थाना प्रभारी दलीप सिंह दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने फोरेंसिक टीम को बुलाया।
सीन ऑफ क्राइम टीम के निरीक्षण इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार व अशोक कुमार वर्मा ने घटनास्थल पर नमूने एकत्रित किए। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नूपुर बिश्नोई भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जल्द पकड़ में होंगे कातिल
बाबैन के थाना प्रभारी दलीप सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने तेजी से जांच शुरू कर दी है और जल्दी ही महिला के कातिलों का पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील कि है कि अगर इस मामले में उन्हें कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।
रात को घर में थी महिला
जिस महिला की लाश गुरुवार को सुबह खेतों में मिली उसके परिजनों का कहना है कि वह रात तक घर में थी। पुलिस जांच कर रही है कि घर से बाहर वह कैसे पहुंची।
बहरहाल पुलिस जांच में जुटी है। संभावना है कि किसी परिचित ने ही महिला को मौत के घाट उतारा है। वारदात को अंजाम देने के बाद शव खेतों में फेंक दिया।