फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोयल अवार्ड के लिए हुआ वैज्ञानिकों का चयन

Sat, 11 Feb 2017 11:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरूक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
केयू के कुलपति डॉ. कैलाशचंद्र शर्मा की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने वर्ष-2017 के लिए गोयल अवार्ड के लिए रसायन विज्ञान, भौतिकी विज्ञान, जीव विज्ञान और व्यावहारिक विज्ञान के 4 वैज्ञानिकों के चयन की घोषणा की। बतौर अवार्ड वैज्ञानिकों को गोयल पुरस्कार के रूप में दो लाख रुपये और राजीव गोयल अवार्ड के रूप में एक लाख रुपये की धनराशि के साथ साथ मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। रसायन विज्ञान के क्षेत्र में सीएसआईआर-भारतीय रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान, हैदराबाद निदेशक डॉ. एस चंद्रशेखर को दुर्लभ समुद्री प्राकृतिक उत्पादों पर अपने शोध कार्य के लिए चयनित किया गया है।  

बंगलूरू स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस में भौतिकी विभाग के डॉ. राहुल पंडित को हृदय के उत्तकों और सांख्यिकीय यांत्रिकी और गैर रेखीय गतिशीलता के मॉडल पर अपने काम के लिए भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में गोयल पुरस्कार के लिए चुना गया है।
विज्ञापन

आण्विक विज्ञान विभागाध्यक्ष दिल्ली यूनिवर्सिटी से डॉ. जितेंद्र पॉल खुराना को संकेत धारणा और पौधों में पारगमन पर अपने शोध कार्य के लिए जीव विज्ञान के क्षेत्र में गोयल पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्होंने सर जेसी बोस फेलोशिप भी प्राप्त की है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के कंप्यूटर विज्ञान विभाग से प्रो. मनिंदर अग्रवाल को बहुपद पहचान परीक्षण के बीच कनेक्शन पर उनके योगदान के लिए व्यावहारिक विज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए चुना गया है।

समिति ने राजीव गोयल पुरस्कार के लिए 45 वर्ष से कम उम्र के चार वैज्ञानिकों का चयन किया है। इन वैज्ञानिकों में भारतीय विज्ञान संस्थान बंगलूरू के प्रो. गोविंद स्वामी मुगेश को भौतिक रसायन विज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए चयनित किया गया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत डॉ. अविनाश अग्रवाल को भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में शोध के लिए तथा प्लांट जीनोम रिसर्च के राष्ट्रीय संस्थान नई दिल्ली के डॉ. मुकेश जैन को जीवन विज्ञान में अपने शोध के लिए चयनित किया गया है।

व्यावहारिक विज्ञान के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए सीएसआईआर-सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट, लखनऊ के डॉ. अतुल गोयल को चुना गया है। यह पुरस्कार 1992 से कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी द्वारा हर वर्ष भारतीय वैज्ञानिकों को उनके उत्कृष्ट शोध के लिए दिया जाता है तथा यह देश में एक प्रतिष्ठित पुरस्कार के रूप में उभरा है। यह पुरस्कार श्रीराम गोयल द्वारा दी गई राशि से बनी अक्षयनिधि में से दिए जाते हैं।
विज्ञापन


इन पुरस्कारों का चयन भारत के जाने-माने वैज्ञानिकों की एक समिति द्वारा गहन विचार-विमर्श के बाद किया जाता है। इस समिति के चेयरमैन केयू कुलपति डॉ. कैलाशचंद्र शर्मा हैं तथा अन्य सदस्यों में प्रो. एसपी सिंह, प्रो. श्याम कुमार, प्रो. रजनीश शर्मा, प्रो. राजेंद्र मोद्गिल एवं प्रो. पवन शर्मा शामिल हैं। केयू कुलपति ने पुरस्कार को लेकर सभी को बधाई दी और कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य वैज्ञानिकों को गुणवत्तापरक अनुसंधान कार्य के लिए प्रेरित करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें