लाडवा। ग्लोब हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्तर पश्चिमी राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीत हासिल की और पांच पदकों पर कब्जा जमाया। खेलकूद विभाग के अध्यापक संजय कुमार ने बताया कि योग भवन कुरुक्षेत्र में तीन दिवसीय उत्तर पश्चिमी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में ग्लोब हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के 5 विद्यार्थियों ने भाग लिया और एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक के साथ कुल 5 पदकों पर कब्जा किया।
पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में अमृतपाल सिंह ने स्वर्ण पदक, केशव राणा, रमनीत और कुणाल ने रजत पदक और भगत राम ने कांस्य पदक जीता। वहीं अमृतपाल सिंह का इंग्लैंड में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ जिससे परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है। स्कूल में पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। प्रधानाचार्या रीतू सिंगला ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना ही अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कराटे टीम के प्रशिक्षक को भी बधाई देते हुए कहा कि इसका श्रेय विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ-साथ प्रशिक्षक को भी शत प्रतिशत जाता है जो बच्चों को इतनी मेहनत कराने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने इस जीत को ग्लोब हेरिटेज फैमिली की जीत बताते हुए कहा कि स्कूल में शैक्षिक अध्ध्य्यन के साथ बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेलकूद, मानसिक विकास के लिए आर्ट एवं क्राफ्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़ चढ़ कर बच्चों को प्रतिभागिता हमेशा कराई जाती है।